कोरिया, 17 जुलाई (आरएनएस)। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के पदभार ग्रहण करने के बाद फरार अपराधियों और स्थायी वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 10 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल बैकुंठपुर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लंबे समय से न्यायालय की कार्रवाई से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों और वांछित अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत थाना पटना पुलिस ने विशेष कार्रवाई करते हुए एसपी के पदभार ग्रहण करने के बाद से अब तक करीब 10 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल बैकुंठपुर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार रहकर न्यायालय की कार्रवाई से बचने वाले आरोपियों में कानून का भय बढ़ा है। जिले में स्थायी वारंटियों और अन्य वांछित अपराधियों के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
कोरिया पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी फरार आरोपी या स्थायी वारंटी के संबंध में कोई सूचना हो तो तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

