0 साइबर सुरक्षा, महिला अधिकार एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
सूरजपुर, 17 जुलाई (आरएनएस)। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला सूरजपुर द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिहारपुर, विकासखंड सूरजपुर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं आमजन को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से अवगत कराया। वित्तीय साक्षरता एवं समन्वयक विशेषज्ञ के द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीडऩ, मासिक धर्म स्वच्छता, बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों एवं बाल विवाह रोकने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने जरूरत पडऩे पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का उपयोग करने की सलाह दी तथा यातायात नियमों की भी जानकारी साझा की। जेंडर विशेषज्ञ पूनम रजवाड़े ने नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना की विस्तृत जानकारी दी। वहीं जेंडर विशेषज्ञ सलोमी कुजूर ने सखी वन स्टॉप सेंटर, घरेलू हिंसा एवं महिला उत्पीडऩ से संबंधित सहायता सेवाओं के साथ महिला हेल्पलाइन 181 एवं आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान सारिका द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया तथा आउटरीच वर्कर आरती द्वारा पोषण सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य रसीदानंद कश्यप व्याख्याता रामधीन तिवारी, पुनीत साहू एवं जिला विधिक प्राधिकरण से अक्षरावर लाल गुप्ता भी उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से जागरूकता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न हुआ।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

