रायपुर, 17 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड के सेवानिवृत्त बीज प्रबंधक राजेन्द्र सिंह क्षत्रीय (63) को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी के पास 5.28 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति और खर्च का खुलासा हुआ है।
ईओडबल्यू-एसीबी के अनुसार, राजेन्द्र सिंह क्षत्रीय सरगुजा जिले के अजिरमा स्थित प्रक्रिया केंद्र में उत्पादन सहायक रहे और बाद में बीज प्रबंधक के पद से सेवानिवृत्त हुए। उनके खिलाफ वर्ष 2020 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत जांच की गई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने जांच अवधि के दौरान 6,00,47,497 रुपये की वैध आय अर्जित की, जबकि उसका कुल व्यय 11,28,67,045 रुपये रहा। इस प्रकार उसकी ज्ञात आय से 5,28,19,547 रुपये अधिक खर्च पाए गए, जो उसकी कुल वैध आय का 87.96 प्रतिशत है। जांच एजेंसी के मुताबिक आरोपी इस अतिरिक्त संपत्ति और खर्च का कोई वैध स्रोत प्रस्तुत नहीं कर सका।
वित्तीय दस्तावेजों, बैंक खातों, निवेश, चल-अचल संपत्तियों और अन्य लेन-देन की जांच के बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर ईओडबल्यू-एसीबी ने 17 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय, बैकुंठपुर (जिला कोरिया) में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया, जिसके बाद उसे जिला जेल बैकुंठपुर में दाखिल कराया गया। ईओडबल्यू-एसीबी का कहना है कि मामले की जांच जारी है और न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

