दुर्ग,18 जुलाई (आरएनएस)।छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 10वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर अपने साथ पढऩे वाले बच्चों को चॉकलेट बताकर प्रतिबंधित दवा खिला दी। दवा खाने के कुछ देर बाद 8 छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे स्कूल में हड़कंप मच गया।
बच्चों को चक्कर आना, कमजोरी, बेहोशी और शरीर में अकडऩ जैसी शिकायतें होने लगीं। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत सभी प्रभावित छात्रों को अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। डॉक्टरों के मुताबिक चार बच्चों का इलाज जारी है, जबकि एक छात्र की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
स्कूल की प्राचार्य नलिनी वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 10वीं के एक छात्र ने अन्य बच्चों को प्रतिबंधित दवा खिलाई थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और शिक्षा विभाग को दे दी गई है।
कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित दवा छात्र के पास कहां से आई और इसके पीछे उसका मकसद क्या था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
घटना पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी चिंता जताते हुए कहा कि स्कूलों तक नशीले और प्रतिबंधित पदार्थों की पहुंच बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

