नईदिल्ली,17 जुलाई(आरएनएस)। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को अचानक निर्णय लेते हुए दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा को हटा दिया है। उनकी जगह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। गोलचा अगस्त 2025 से दिल्ली पुलिस के प्रमुख थे। उनकी 2027 में सेवानिवृत्ति थी, लेकिन उससे पहले उनसे दिल्ली पुलिस आयुक्त का पद ले लिया गया। गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, गोलचा को अपनी अगली तैनाती के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।
मंत्रालय ने आदेश में कहा कि अनुराग पुलिस प्रमुख का कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक पद पर बने रहेंगे।
अनुराग 1994 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी हैं, जो तैनाती से पहले इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में विशेष निदेशक थे।
अनुराग को राष्ट्रीय राजधानी में पुलिसिंग का व्यापक अनुभव है। वे दिल्ली के कई जिलों में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रहे हैं, फिर आईबी चले गए।
केंद्रीय कैबिनेट ने कल उन्हें आईबी से एजीएमयूटी में वापस भेजा था।
पिछले साल 21 अगस्त को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके घर पर सार्वजनिक सभा के दौरान एक व्यक्ति ने हमला किया था, जिससे दिल्ली पुलिस की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए थे।
इसके एक दिन बाद पुलिस आयुक्त एसबीके सिंह को हटाकर गोलचा को लाया गया। सिंह होम गार्ड के महानिदेशक थे, जिनको पुलिस आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।
आयुक्त बनने से पहले एजीएमयूटी कैडर के 1992 बैच के अधिकारी गोलचा तिहाड़ जेल के महानिदेशक थे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

