कांकेर, 18 जुलाई (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस की महिला रक्षा टीम ने पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, अंतागढ़ में महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया। कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर अपराधों से बचाव और आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करना था। महिला रक्षा टीम ने छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल अपराध, महिला सुरक्षा और अभिव्यक्ति ऐप के उपयोग की जानकारी दी।
साइबर टीम ने डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, फेक प्रोफाइल, फर्जी लिंक, ऑनलाइन गेमिंग, लॉटरी और नौकरी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। छात्राओं को सलाह दी गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति से सोशल मीडिया पर मित्रता न करें और ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, यूपीआई पिन या अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
कार्यक्रम में थाना अंतागढ़ की उप निरीक्षक हेमलता परिहार, पीएसआई लता सिंह, महिला रक्षा टीम के सदस्य, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं 300 से अधिक छात्राएं मौजूद रहीं।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध, साइबर ठगी, मानव तस्करी, बाल श्रम या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना, डायल-112, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 या महिला रक्षा टीम हेल्पलाइन 9479155925 पर दें।
0