वरिष्ठ भाजपा नेता संजय जोशी के साथ बीजेएमसी की बैठक
कोलकाता 19 जुलाई (आरएनएस)। बंगाल हमेशा से ही वैचारिक क्रांति का मुख्य गढ़ रहा है। ऐसे में पश्चिम बंगाल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के वैचारिक संदेश को सीधे हर घर तक ले जाने का अभियान भारतीय जनता मजदूर सेल के द्वारा किया जाएगा।
बंगाल के हर घर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पहुंचाने की कवायद में बीजेएमसी जुट गई है। यह अभियान राज्य की सांस्कृतिक और राजनीतिक फिजा में एक नया मोड़ ला सकता है। केंद्रीय और राज्य स्तर के नेताओं की इस सक्रियता से साफ है कि आने वाले समय में बंगाल एक बार फिर वैचारिक क्रांति का उदाहरण बन सकता है।
आज बीजेएमसी नेताओं ने देश के वरिष्ठ भाजपा नेता संजय जोशी के साथ बैठक की। बीजेएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्णब चटर्जी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि, बैठक में सेल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरमान गांगुली, बंगाल प्रदेश कमेटी युवा विंग अध्यक्ष मनप्रीत सिंह ग्रेवाल, राज्य महासचिव वसीम अहमद, दक्षिण कोलकाता अध्यक्ष एमबी महेश मौजूद थे।
बंगाल प्रदेश कमेटी युवा विंग अध्यक्ष मनप्रीत सिंह ग्रेवाल ने बताया कि, भारतीय जनता मजदूर सेल के नेतृत्व में पूरे पश्चिम बंगाल के हर घर में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर लगाने के लिए एक व्यापक राज्यव्यापी अभियान चलाया जाएगा। बैठक में इस बात पर रणनीति बनी कि किस तरह श्रम कानूनों, श्रमिकों के कल्याण और युवाओं की भागीदारी के जरिए संगठन का विस्तार जमीनी स्तर पर किया जाए। बहरहाल जो भी हो लेकिन वरिष्ठ भाजपा नेता संजय विनायक जोशी के साथ हुई बीजेएमसी की इस बैठक को आगामी राजनीतिक और सांगठनिक हलचलों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

