रायपुर, 20 जुलाईं (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में 19 से 20 जुलाई के बीच विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी, मारपीट, सड़क हादसे, अवैध हथियार, मादक पदार्थ और आबकारी अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज किए गए हैं। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के सूरज नगर, लभांडी से प्रीतम यादव की खड़ी मोटरसाइकिल (सीजी-04-एनआर-8126) अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। पुलिस ने करीब 30 हजार रुपये की चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उरला थाना क्षेत्र के शांतिनगर बीरगांव में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। नेहा दुबे की शिकायत पर मुकेश यादव एवं अन्य के खिलाफ तथा मुकेश यादव की शिकायत पर नेहा दुबे एवं अन्य के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में अपराध दर्ज किया गया है।
आजाद चौक थाना क्षेत्र में साइकिल वापस मांगने को लेकर हुए विवाद में लक्ष्मीनारायण यादव के साथ मारपीट कर घायल करने का मामला दर्ज हुआ है। वहीं राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में लालपुर ब्रिज के नीचे कार का शीशा पत्थर मारकर तोडऩे, मारपीट और धमकी देने के आरोप में राम कोलरिया एवं अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में स्कूटी टकराने के बाद हुए विवाद में भी युवक के साथ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में विधानसभा रोड स्थित माता गैरेज के सामने हुए सड़क हादसे में घायल सुंदरलाल माहेश्वरी की उपचार के दौरान मौत हो गई। मर्ग जांच के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर मृत्यु कारित करने का अपराध दर्ज किया गया है।
खम्हारडीह थाना क्षेत्र के अवंति विहार स्थित एक मकान में अज्ञात चोर घर में घुसकर 18,500 रुपये कीमत का सैमसंग मोबाइल चोरी कर ले गया। वहीं खमतराई थाना क्षेत्र में शराब के नशे में बेटे द्वारा अपनी मां के साथ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और बेलन से हमला कर घायल करने का मामला दर्ज किया गया है।
गंज थाना पुलिस ने बांसटाल पानी टंकी के पास कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 17 पाव देशी शराब और बिक्री रकम के साथ गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दो 17 वर्षीय अपचारी बालकों को अवैध चाकू लेकर लोगों को आतंकित करते हुए पकड़कर आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
गुढिय़ारी थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पीछे काली मंदिर क्षेत्र में छापेमारी कर एक आरोपी के कब्जे से 10 किलो 345 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1.65 लाख रुपये है, जब्त कर उसे गिरफ्तार किया है। सभी मामलों में संबंधित थाना पुलिस आगे की विवेचना कर रही है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

