रामानुजगंज,20 जुलाई (आरएनएस)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राधानगर में सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे एक शिक्षक की चाकू और हथौड़े से हमला कर निर्मम गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के पीछे पुराना जमीन विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शिक्षक जयकरन जगते सोमवार सुबह अपने घर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित स्कूल जाने के लिए बाइक से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में सड़क किनारे मवेशियों के बैठने वाले स्थान के पास पहले से घात लगाए बैठे उनके दो रिश्तेदार बृजमोहन (25 वर्ष) और हरिमोहन (24 वर्ष) ने उन पर अचानक हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने शिक्षक पर चाकू एवं हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में जयकरन जगते की गर्दन पर गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। गंभीर चोटों के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी व्यास नारायण चुरेन्द्र ने बताया कि शिक्षक पर चाकू एवं हथौड़े से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद हत्या का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
आरोपी मृतक के चचेरे भाई हैं चचेरे भाइयों ने आरोप लगाया कि बटवारा होने के बाद जमीन जोतने नहीं दे रहा था एवं नापने भी नहीं दे रहा था बटवारा होने के बाद भी परेशान करते थे।
००००

