गरियाबंद,20 जुलाई (आरएनएस)। गरियाबंद जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को ‘छत्तीसगढ़ मोटो क्वींसÓ की बाइक रैली का आयोजन किया गया। गरियाबंद से कुल्हारीघाट तक निकाली गई इस विशेष रैली को पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर और डीएफओ वरुण जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में 30 महिला बाइक राइडर्स ने हिस्सा लिया। इस आयोजन का उद्देश्य गरियाबंद के प्राकृतिक सौंदर्य और इको-टूरिज्म को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के साथ-साथ आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
राइड के दौरान महिला बाइकर्स ने हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया। रैली गरियाबंद से शुरू होकर घने जंगलों और प्राकृतिक वादियों से घिरे ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थल कुल्हारीघाट तक पहुंची।
आयोजकों का मानना है कि इस पहल से जिले में इको-टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म और महिला सशक्तिकरण को नई पहचान मिलेगी। साथ ही, गरियाबंद के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रैली को रवाना करते हुए पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि यह आयोजन केवल पर्यटन को बढ़ावा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि महिला बाइक राइडर्स का साहस, अनुशासन और उत्साह समाज के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनका यह प्रयास लोगों को सुरक्षित यातायात अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

