बलौदाबाजार-भाटापारा, 20 जुलाई (आरएनएस)। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर निवेश घोटालों को लेकर आम नागरिकों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिखाई देने वाले आकर्षक निवेश विज्ञापनों के झांसे में न आएं और अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखें।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी देश के प्रसिद्ध उद्योगपतियों, अभिनेताओं, क्रिकेटरों और अन्य चर्चित हस्तियों के नाम, फोटो तथा एआई (डीपफेक) तकनीक से तैयार किए गए नकली वीडियो का इस्तेमाल कर लोगों का विश्वास जीतने की कोशिश कर रहे हैं। इन विज्ञापनों में कम समय में भारी मुनाफा, पैसे दोगुने करने और घर बैठे अमीर बनने जैसे झूठे दावे किए जाते हैं।
पुलिस ने बताया कि ऐसे विज्ञापनों पर क्लिक करने के बाद लोगों को व्हाट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा जाता है, जहां फर्जी निवेशकों के स्क्रीनशॉट और नकली मुनाफे दिखाकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया जाता है। इसके बाद ठग लोगों से बड़ी रकम निवेश कराकर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं।
पुलिस ने नागरिकों को दी ये अहम सलाह
किसी भी सेलिब्रिटी या प्रसिद्ध व्यक्ति के नाम और चेहरे वाले निवेश विज्ञापन पर बिना पुष्टि किए भरोसा न करें।
निवेश करने से पहले संबंधित कंपनी या व्यक्ति के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और वेबसाइट से जानकारी की पुष्टि करें।
शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या अन्य निवेश केवल स्श्वक्चढ्ढ से पंजीकृत और अधिकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही करें।
किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई अनधिकृत ऐप डाउनलोड न करें और न ही बैंक खाता, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा करें।
पुलिस ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा निकटतम पुलिस थाने या साइबर सेल से संपर्क करें।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि “मशहूर चेहरा देखकर धोखा न खाएं, सोच-समझकर निवेश करें और साइबर ठगों को अपनी कमाई का मौका न दें।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

