अंबिकापुर, 20 जुलाई (आरएनएस) । मानसून की शुरुआत के साथ ही अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा मवेशियों की समस्या गंभीर होती जा रही है। शहर की मुख्य सड़कें, चौक-चौराहे और व्यस्त मार्ग मवेशियों से भरे रहने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। इन हादसों में वाहन चालक, राहगीर और मवेशी सभी घायल हो रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि नियम होने के बावजूद कई पशुपालक अपने मवेशियों को खुले में छोड़ देते हैं। इसके बावजूद नगर निगम की कार्रवाई प्रभावी नजर नहीं आ रही है। न तो लापरवाह पशु मालिकों पर सख्त कार्रवाई हो रही है और न ही शहर को मवेशी मुक्त बनाने के लिए कोई ठोस अभियान दिखाई दे रहा है।इसी बीच शहर का गौ सेवा मंडल घायल मवेशियों की मदद के लिए लगातार सक्रिय है। मंडल के सदस्य सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घायल पशुओं को सड़क से हटाते हैं, उनका उपचार कराते हैं और आवश्यकता पडऩे पर पशु चिकित्सकों की सहायता भी उपलब्ध कराते हैं।नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप ने बताया कि निगम द्वारा लगातार सड़कों से मवेशियों को पकड़कर गौठानों में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सड़कों पर मवेशी छोडऩे वाले लापरवाह पशु मालिकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।वहीं, शहरवासियों का कहना है कि निगम के दावे और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है। उनका आरोप है कि सड़कों पर आज भी बड़ी संख्या में मवेशी बैठे नजर आते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने नगर निगम से प्रभावी अभियान चलाकर समस्या का स्थायी समाधान करने और लापरवाह पशुपालकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

