जशपुरनगर, 20 जुलाई (आरएनएस)। जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, श्रम विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
पेंशन, श्रमिक पंजीयन और महिला समूहों पर जोर
कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के सभी हितग्राहियों की आधार सीडिंग शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं श्रम विभाग को श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर विशेष पंजीयन शिविर लगाने और अधिक से अधिक श्रमिकों को योजनाओं से जोडऩे को कहा।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्व-सहायता समूहों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, विशेष पिछड़ी जनजातियों को आजीविका गतिविधियों से जोडऩे तथा लंबित बैंक लिंकेज प्रकरणों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।
48 हजार से अधिक ‘लखपति दीदियां संख्या बढ़ाने के निर्देश
बैठक में बताया गया कि जिले में 48 हजार से अधिक लखपति दीदियां हैं। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के अभिसरण के माध्यम से अधिक महिलाओं को आयवर्धक गतिविधियों से जोड़कर उनकी संख्या बढ़ाने पर जोर दिया।
आवास योजनाओं और स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा में उन्होंने ओडीएफ प्लस, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, नियमित कचरा संग्रहण, हाट-बाजारों की सफाई, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता श्रमदान की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी शौचालयों की जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा।
Óसेवा सेतुÓ का ग्रामीण स्तर तक प्रचार करने के निर्देश
कलेक्टर ने अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के संचालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को ‘सेवा सेतुÓ पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से 36 विभागों की 500 से अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि आय, जाति और निवास प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण सेवाओं के लिए नागरिक घर बैठे या जन सुविधा केंद्रों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों से अधिक से अधिक ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं से जोडऩे और सेवा सेतु का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

