बीजापुर, 20 जुलाई (आरएनएस)। बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर बीजापुर, गंगालूर और तर्रेम शाखाओं में ग्राहक सम्मान एवं जनजागरूकता दिवस का आयोजन किया। कार्यक्रम में ग्राहकों का सम्मान करने के साथ बैंक की विभिन्न योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय समावेशन से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीजापुर शाखा प्रबंधक सुनील कुमार पोल और गंगालूर शाखा प्रबंधक राज रोशन ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा पिछले 119 वर्षों से देशवासियों को भरोसेमंद, सुरक्षित और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बताया कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से बैंकिंग सेवाएं पहले से अधिक सरल, तेज और सुरक्षित हुई हैं।इस दौरान ग्राहकों को मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई, एटीएम, कैश डिपॉजिट मशीन, डिजिटल भुगतान, बचत एवं चालू खाते, सावधि जमा (एफडी), आवर्ती जमा (आरडी), गृह ऋण, वाहन ऋण, शिक्षा ऋण, कृषि ऋण, मुद्रा योजना, पेंशन और बीमा योजनाओं सहित विभिन्न बैंकिंग सेवाओं की जानकारी दी गई।बैंक अधिकारियों ने साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए ग्राहकों को किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को वित्तीय रूप से सशक्त बनाना भी है।कार्यक्रम में उत्कृष्ट ग्राहकों का सम्मान किया गया और उन्हें बैंक की डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित ग्राहकों ने भी बैंक की सेवाओं की सराहना करते हुए भविष्य में इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की अपेक्षा जताई।इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक, बीजापुर के शाखा प्रबंधक अभिषेक कुमार, बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में बैंक के ग्राहक एवं हितग्राही उपस्थित रहे। स्थापना दिवस के मौके पर सभी ने बैंक ऑफ बड़ौदा की ग्राहक सेवा, वित्तीय समावेशन और देश के आर्थिक विकास में उसके योगदान की सराहना की।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

