0 शराब खत्म होने पर हुआ था विवाद
कोरबा, 20 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। उरगा थाना क्षेत्र के भैसामुड़ा गांव में एक पति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद गांव वालों को घटना की जानकारी दी। होश आने पर वह पत्नी के शव से लिपटकर रोता रहा।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 32 वर्षीय अगहन बाई धनवार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मड़वारानी गांव की रहने वाली थीं। अगहन बाई और उनके पति परदेसी धनवार पिछले कुछ दिनों से रिश्तेदार के गांव भैसामुड़ा में रहकर मजदूरी का काम कर रहे थे। दंपति की एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। बची हुई शराब खत्म होने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि नशे में धुत पति ने पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी की चीख-पुकार सुनकर एक बुजुर्ग बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी उठाकर पटक दिया। घटना के बाद आरोपी ने गांव के लोगों को पूरी जानकारी दी। जब उसका नशा उतरा तो वह पत्नी के शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगा।
सोमवार सुबह सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पति परदेसी धनवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

