0 5 शराबी चालक पकड़े गए, 2 नाबालिगों पर कार्रवाई, मॉडिफाइड साइलेंसर हटाए गए, सड़क सुरक्षा अभियान के तहत वसूला गया 42,300 का समन शुल्क।
जांजगीर-चांपा, 20 जुलाई (आरएनएस) । सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में 19 जुलाई को जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और हाईवे पर सघन वाहन जांच की गई।
अभियान के दौरान कुल 115 वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत
कार्रवाई करते हुए ?42,300 का समन शुल्क वसूला गया। वहीं 5 शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के वाहन जब्त किए गए, जिन्हें नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने 2 नाबालिगों को वाहन चलाते हुए भी पकड़ा। उनके परिजनों को बुलाकर यातायात नियमों की जानकारी दी गई और प्रत्येक मामले में ?2,000 का समन शुल्क लगाया गया।
इसके अलावा हाईवे पर नो-पार्किंग जोन में खड़े 5 भारी वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। साथ ही तेज आवाज करने वाले 2 बुलेट मोटरसाइकिलों के मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही हटाए गए।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, नाबालिगों को वाहन चलाने न दें और केवल निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करें। पुलिस ने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है।
०००


