महासमुंद, 20 जुलाई (आरएनएस)। जिले की बलौदा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम टेमरी निवासी तुलाराम बाघ ने थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी हीरो सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांकCG06 त्र 2348) मरम्मत के लिए ग्राम गेर्रा स्थित अनिल ऑटो पाट्र्स में छोड़ी थी। रात के दौरान दुकान के सामने खड़ी बाइक अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। मामले में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 44/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना मिली कि एक युवक सरायपाली के कुटेला चौक के पास चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध करण बेहरा (22), निवासी बाजार पारा, सरायपाली को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर अर्जुंडा तिराहा से आगे पदमपुर रोड स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पीछे छिपाकर रखी गई हीरो सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई। चेसिस और इंजन नंबर का मिलान करने पर वाहन शिकायतकर्ता का निकला।
पुलिस ने आरोपी करण बेहरा को बीएनएस की धारा 303(2) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बरामद मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

