जांजगीर-चांपा, 20 जुलाई (आरएनएस)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र स्थित जेएसडब्ल्यू प्लांट से करीब 2 लाख रुपये मूल्य के कॉपर प्लेट चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी प्लांट में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने उसके कब्जे से 38 छोटे-बड़े कॉपर प्लेट के टुकड़े बरामद किए हैं, जबकि उसके तीन अन्य साथी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, जेएसडब्ल्यू तरौद के सुरक्षा अधिकारी अखिलेश राय ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई थी। पेट्रोलिंग के दौरान सुरक्षा टीम ने प्लांट परिसर में कुछ लोगों को संदिग्ध परिस्थितियों में सामान ले जाते देखा। सुरक्षा कर्मियों को देखते ही तीन-चार लोग भागने लगे, लेकिन एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान जलेश्वर प्रसाद केवट (30 वर्ष) निवासी बनाहिल, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में बताई। वह जेएसडब्ल्यू प्लांट में इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत है। आरोपी के पास मौजूद चार काले बैगों की तलाशी लेने पर उनमें 38 छोटे-बड़े कॉपर प्लेट के टुकड़े मिले, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं प्रधान आरक्षक रेमन सिंह राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

