विकासनगर,20 जुलाई (आरएनएस )। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को सेफ ड्रग्स, सेफ लाइफ अभियान के तहत सहसपुर क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर चार मेडिकल स्टोरों को तत्काल बंद कर दवाइयों के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल और जिला न्यायाधीश,अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून हरीश कुमार गोयल के निर्देशों पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डुंगराकोटी के नेतृत्व में सहसपुर, सभावाला, बड़ा रामपुर, छोटा रामपुर, झाझरा और सुद्धोवाला क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया। टीम में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मानेन्द्र सिंह राणा और औषधि निरीक्षक विनोद जगूड़ी शामिल रहे। बालाजी मेडिकोज, सभावाला में फार्मासिस्ट और स्टोर मालिक अनुपस्थित मिले। पुराने और खराब फ्रिज में रखी अधिकांश दवाइयां एक्सपायरी पाई गईं, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया। स्टोर में गंदगी और धूल भी मिली। गंभीर अनियमितताओं के चलते स्टोर तत्काल बंद करा दिया गया और बिक्री पर रोक लगाते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी गई। पर्व मेडिकल स्टोर, सभावाला में एक्सपायरी दवाइयों का रखरखाव अव्यवस्थित मिला। रैक से छह माह पूर्व एक्सपायर हो चुकी दवाइयां बरामद हुईं। एक्सपायरी दवाइयों के निस्तारण की प्रक्रिया का भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। नारकोटिक्स दवाइयों,के क्रय-विक्रय संबंधी बिल भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। अनियमितताओं के चलते स्टोर बंद कर बिक्री पर रोक लगा दी गई। जनता मेडिकल स्टोर, छोटा रामपुर में गंदगी, खराब फ्रिज और बंद सीसीटीवी कैमरा मिला। फ्रिज के डीप फ्रीजर में रखे विभिन्न इंजेक्शन खराब अवस्था में पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर निस्तारित किया गया। स्टोर को तत्काल बंद कर दवाइयों की बिक्री पर रोक लगा दी गई। हेल्थ केयर फार्मेसी, सुद्धोवाला में फार्मासिस्ट और स्टोर मालिक अनुपस्थित मिले। सीसीटीवी कैमरा नहीं था और फ्रिज भी बंद मिला। गंभीर अनियमितताओं के चलते स्टोर बंद करा दिया गया। संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी गई।वहीं ग्लोबल फार्मा डिस्ट्रीब्यूटर्स, बड़ा रामपुर में स्टोर साफ-सुथरा मिला और एक्सपायरी दवाइयां नहीं मिलीं। फ्रिज में तापमान डिस्प्ले और छह सीसीटीवी कैमरे पाए गए। टीम ने दवाइयों के उचित रखरखाव और नियमों के अनुरूप क्रय-विक्रय के निर्देश दिए। शंभु मेडिकल स्टोर, झाझरा में सीसीटीवी कैमरा और एक्सपायरी दवाइयों के रखरखाव की उचित व्यवस्था नहीं मिली। स्टोर संचालक ने बताया कि मेडिकल स्टोर एक-दो सप्ताह पहले ही शुरू किया गया है। टीम ने सभी व्यवस्थाएं पूर्ण होने तक स्टोर दोबारा नहीं खोलने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि सभावाला, छोटा रामपुर, बड़ा रामपुर, सुद्धोवाला और सहसपुर क्षेत्र के कई अन्य मेडिकल स्टोर निरीक्षण की जानकारी मिलते ही बंद कर दिए गए। टीम ने इसे गंभीरता से लेते हुए ऐसे प्रतिष्ठानों की कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य और जीवन से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को कानून और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करना अनिवार्य है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

