गरियाबंद, 21 जुलाईं (आरएनएस)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गरियाबंद पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के विद्यालयों में स्कूली बच्चों के लिए निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में किया गया।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं योगदान से परिचित कराना तथा उनमें राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों ने साइबर सुरक्षा और यातायात जागरूकता जैसे विषयों पर निबंध लिखे, वहीं जल संरक्षण और जंगल बचाओ जैसे विषयों पर चित्रों के माध्यम से अपने विचारों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुलिस की ओर से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
बंछोर
000

