बलौदाबाजार-भाटापारा, 21 जुलाईं (आरएनएस)। जिले में शांति, कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने जिलेवासियों से विशेष अपील की है। पुलिस ने मकान मालिकों से किराएदारों और पेइंग गेस्ट का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी मकान मालिकों, होटल और लॉज संचालकों से कहा है कि वे अपने यहां रहने वाले किराएदारों और पेइंग गेस्ट की पूरी जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेज ‘समाधान ऐपÓ पर दर्ज कराएं। पुलिस ने बिना सत्यापन के किसी अनजान व्यक्ति को मकान या दुकान किराए पर नहीं देने की अपील की है। सत्यापन नहीं कराने वाले मकान मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, बिना वैध पहचान पत्र के रहने वाला व्यक्ति या अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी अथवा विदेशी नागरिक की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस के टोल-फ्री नंबर 1800 233 1905 पर दें। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने गांव, वार्ड और नगर में आने वाले अनजान फेरीवालों, कबाडिय़ों, सामान या जड़ी-बूटी बेचने वालों की पहचान सुनिश्चित करने की अपील की है। नागरिकों से कहा गया है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि पर संदेह होने पर स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।
पुलिस के मुताबिक, असत्यापित व्यक्तियों की गतिविधियों से चोरी, ठगी, साइबर अपराध और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार जैसी घटनाओं का खतरा हो सकता है। ऐसे में किराएदारों का सत्यापन और संदिग्ध गतिविधियों की समय पर सूचना अपराध की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने कहा कि पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर है, लेकिन अपराध मुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए जनता की सतर्कता और सहयोग भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से किराएदारों का सत्यापन कराने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल 1800 233 1905 पर देने की अपील की।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

