बिलासपुर,21 जुलाई(आरएनएस)। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर पलट जाने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर सकर्रा गांव के सरपंच के नाम पर खरीदा गया था। हादसे के समय मुड़पार निवासी चंद्रशेखर पटेल ट्रैक्टर चला रहा था। ट्रैक्टर में सवार 19 लोग सकर्रा स्थित खेत में धान की रोपाई के लिए जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि मुड़पार के पास चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि बम्लेश्वरी निषाद और मथुरा निषाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के पीछे चालक की कथित लापरवाही को कारण माना जा रहा है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

