रायपुर, 23 जुलाईं (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में 22 जुलाई को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी, ऑनलाइन ठगी, मारपीट, धमकी और सड़क हादसे से जुड़े कई मामले सामने आए हैं। पुलिस ने संबंधित मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुजगहन थाना: ग्राम डुण्डा निवासी एक व्यक्ति से इंस्टाग्राम के जरिए क्रेडिट कार्ड से खाते में रकम ट्रांसफर करने का झांसा देकर 70,500 रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने 24 घंटे में रकम वापस ट्रांसफर करने का भरोसा देकर पैसे प्राप्त किए। शिकायत पर बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुरानी बस्ती थाना: भाठागांव स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के पास से अज्ञात चोर ने होंडा एक्टिवा मोपेड चोरी कर ली। वाहन की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 305 के तहत मामला दर्ज किया है।
इसी थाना क्षेत्र में भाठागांव स्थित देशी शराब दुकान के पास सामान खाली कराने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि 2-3 अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट कर चोट पहुंचाई। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
तेलीबांधा थाना: रवि ग्राम की गली नंबर-4 में खड़ी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। चोरी गई बाइक की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
खमतराई थाना: मेटल पार्क रोड रावाभाठा में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, अज्ञात वाहन चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पैदल जा रहे 35 वर्षीय हेमंतो भाई को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में जांच के बाद अपराध दर्ज किया गया है।
टिकरापारा थाना: गोकुल नगर शराब दुकान के पास शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे नहीं देने पर विवाद हुआ। आरोप है कि मोहम्मद शाहिद और मन्नू यादव ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के तथा बॉल बैट से मारपीट कर युवक को घायल कर दिया।
उरला थाना: बीरगांव के मोती सागर तालाब के पास कर्मचारियों के वेतन बांटने के दौरान पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि कुणाल ठापा और दीपक मानिकपुरी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के तथा धारदार वस्तु से मारपीट कर चोट पहुंचाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

