आंध्र प्रदेश 09 NOv, (Rns): आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने एक भयावह रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, एक बहू ने अपनी सास को खेल-खेल में कुर्सी से बांधकर और आंखों पर पट्टी बांधकर जिंदा जला दिया। घटना के समय घर में अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक तनाव चल रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी बहू ने पहले अपनी सास को ‘गेम खेलने’ के बहाने कुर्सी पर बैठाया और फिर उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद आंखों पर पट्टी बांधकर उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। जब सास की चीखें सुनकर नातिन मौके पर पहुंची, तो उसने बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी बुरी तरह झुलस गई। पड़ोसियों ने धुआं और चीखें सुनकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सास-बहू के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था, जो इस घटना की मुख्य वजह मानी जा रही है।
पुलिस बयान:
स्थानीय थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

