हरिद्वार,09 नवंबर (आरएनएस)। कनखल क्षेत्र के गंगनहर सिंहद्वार पर शनिवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई जब कुछ युवकों ने निर्माण कार्य कर रहे मजदूरों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से मजदूरों को पीटा और एक को नहर में धक्का दे दिया। गनीमत रही कि साथी मजदूरों ने समय रहते बचा लिया। हेमंत पुत्र सूरजपाल निवासी सहारनपुर ने मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर में बताया कि वह अपने साथियों फरमान, बिल्लू और भूरा के साथ ठेकेदार अरुण कुमार गुप्ता के अधीन सीसी ब्लॉक लगाने का कार्य कर रहे थे। दोपहर करीब दो बजे मिस्सरपुर अजितपुर निवासी सागर पुत्र प्रहलाद और उसका भाई सोभित अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचे और बिना किसी बात के मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि सभी ने मजदूरों को लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से पीटा और हेमंत को नहर में धक्का दे दिया। शोर मचाने पर अन्य मजदूर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद हमलावर भाग निकले। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। कनखल थाना प्रभारी मनोहर सिंह रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

