रायपुर, 10 नवंबर (आरएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को दो दिवसीय गुजरात दौरे पर रवाना हुए। प्रस्थान से पूर्व उन्होंने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में बने नए शासकीय स्टेट हैंगर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने गुजरात प्रवास की रूपरेखा साझा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में गुजरात में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अपने दौरे के पहले दिन वे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का अवलोकन करेंगे और वहां आयोजित भारत पर्व 2025 में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे अहमदाबाद और गांधीनगर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री साय के अनुसार, गुजरात प्रवास के दूसरे दिन वे छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां राज्य की नई उद्योग नीति प्रस्तुत करेंगे। साथ ही, उद्योगपतियों से वन-टू-वन मीटिंग कर छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सीएम साय गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से मुलाकात करेंगे और इन्वेस्ट गुजरात कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा वे सीएम डैशबोर्ड और जनशिकायत प्रणाली की कार्यप्रणाली का अवलोकन करेंगे।
गुजरात प्रवास के तहत मुख्यमंत्री साय ग्लोबल स्किल कॉलेज का भ्रमण करेंगे और साबरमती रिवरफ्रंट पर दोपहर का भोजन करेंगे। शाम को वे केवडिय़ा में आयोजित एकता प्रकाश पर्व में शामिल होकर रात्रि विश्राम करेंगे।
मुख्यमंत्री साय मंगलवार रात रायपुर लौट आएंगे। इससे पहले वे जापान यात्रा के दौरान भी विदेशी निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित कर चुके हैं।
०००

