दुर्ग, 10 नवंबर (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नसबंदी ऑपरेशन के दौरान दो महिलाओं की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह दोनों मौतें ऑपरेशन के दौरान दी गई किसी दवा के रिएक्शन के कारण हुई हैं। घटना के बाद संबंधित दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
पहली घटना में बजरंग नगर निवासी पूजा यादव (27) नसबंदी के लिए जिला अस्पताल पहुंची थीं। ऑपरेशन शुरू होने के कुछ देर बाद ही उन्हें झटके आने लगे और शरीर में अकडऩ महसूस हुई। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन कुछ ही समय बाद उनकी मौत हो गई।
दूसरी घटना में सिकोला भाटा निवासी किरण यादव (30) ने सुबह सिजेरियन ऑपरेशन से बच्चे को जन्म दिया था। इसके बाद जब उनकी नसबंदी की जा रही थी, तभी उन्हें भी झटके आने लगे और शाम तक उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि किरण पूरी तरह स्वस्थ थीं, लेकिन अचानक हालत बिगड़ जाने से सभी सदमे में हैं। पूजा यादव के दो छोटे बच्चे हैं, जबकि किरण यादव का नवजात शिशु है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को मदर-चाइल्ड यूनिट में कुल नौ सर्जरी हुईं — जिनमें पूजा यादव की केवल नसबंदी की गई थी, जबकि किरण यादव का सिजेरियन ऑपरेशन के साथ नसबंदी भी की गई।
सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने बताया कि पूजा यादव को ऑपरेशन के दौरान बुपिवेकैन (3 एमएल), मिडान (1 एमजी) और 2 बोतल आरएल (रिंगर लैक्टेट) दी गई थी, जबकि किरण यादव को बुपिवेकैन (2.2 एमएल), ऑक्सीटोसिन (10 आईयू), 2 आरएल और 1 डीएनएस दिया गया था। आशंका है कि इन दवाओं में से किसी एक का रिएक्शन जानलेवा साबित हुआ।
डॉ. मिंज के मुताबिक, सर्जरी के दौरान दोनों महिलाओं को झटके और शरीर में अकडऩ की शिकायत हुई थी। तुरंत उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर उपचार दिया गया, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। फिलहाल, उपयोग की गई सभी दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं ताकि मौत के वास्तविक कारण का पता लगाया जा सके।
००

