धमतरी, 10 नवंबर (आरएनएस)। सेजेस सिंगपुर में शिक्षा व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने के लिए लगातार प्रयास जारी है। अब इस दिशा में एस.एम.डी.सी.एवम पंचायत की संयुक्त बैठक में बच्चों की शिक्षा व्यवस्था की बेहतरी के लिए शिक्षा प्रहरी की नियुक्ति की गई है। संयुक्त बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठा कि स्कूल गांव के लिए है। बच्चे भी गॉंव के हैं अत: पहल भी गाँव के लोगों को करनी चाहिए। विद्यालय के शिक्षकों की तुलना में पालकों को बच्चों की शिक्षा के लिये और भी प्रयास करने की जरूरत है। इसके लिए पंचायत के ग्यारह वार्डों के लिए वार्ड पंचों को जिम्मेदारी दी गई। वार्ड पंच अपने वार्ड से दो अन्य पालक की नियुक्ति शिक्षा प्रहरी के रूप में किये हैं। इस तरह से तैंतीस शिक्षा प्रहरी रात्रि में बच्चों की शिक्षा की निगरानी करेंगे।गांव में यह बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि स्कूली बच्चे शाम को हर हाल में सात बजे तक अपने घरों में वापस आएंगे। बच्चों के पालक बच्चों के साथ बैठकर गृह कार्य कराने में मदद करेंगे। गृह कार्य के होते तक घर की टी. व्ही., मोबाइल बंद रहेंगे। इधर नियुक्त शिक्षा प्रहरी अपने -अपने वार्डों में स्कूली बच्चों के घर घर जाकर बच्चों की पढ़ाई की निगरानी करेंगे। बच्चे पढ़ लिख रहे हैं कि नहीं,पालक बच्चों के पास बैठे हैं कि नहीं,टी. व्ही. मोबाइल बंद है कि नहीं आदि बिंदुओं पर पंचायत एवम एस. एम.डी.सी. को संयुक्त रूप से प्रतिवेदन देंगे। सेजेस सिंगपुर की ओर से शिक्षा प्रहरियों को प्रतिवेदन लेखन हेतु कापी एवम पेन वितरित की गई। इन शिक्षा प्रहरियों के साथ माह में दो बार विद्यालय के शिक्षकों के साथ बैठक का निर्णय भी लिया गया। इस महत्वपूर्ण रचनात्मक बैठक में सरपंच लोमेश्वर साहू,उप सरपंच ज्योति तिवारी ,सभी वार्ड पंच उपस्थित थे। विद्यालय की ओर से एस. एम.डी.सी.अध्यक्ष धनन्जय साहू,विष्णु निर्मलकर,राधेलाल सिन्हा, अयूब खान रिजवी, रहबर अली,सफीना बानो,सुनीता ध्रुव, फणीश गंगासागर,इकरामुद्दीन खान,विधायक प्रतिनिधि इशहाक खान,अनिल सेन, सहित गाँव के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। इधर एस. एम.डी.सी. एवम पंचायत के इस पहल की सराहना सेजेस के प्राचार्य डॉ. व्ही..पी.चन्द्रा एवम सभी शिक्षकों ने की है।इस पहल से शिक्षकों का उत्साह बढ़ा है। आने वाले दिनों में इसका बड़ा परिणाम दिखाई देगा।
०००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

