रायपुर, 11 नवंबर (आरएनएस)। दिल्ली में सोमवार शाम हुए ब्लास्ट की जद में आये कारों में छत्तीसगढ़ पासिंग एक कार के भी क्षतिग्रस्त होने का पता चला है। ब्लास्ट में क्षतिग्रस्त एक कार छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के सिर्री गांव निवासी के नाम पर पंजीकृत है। हालांकि धमाके में कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।
मिली जनकारी के अनुसार ब्लास्ट में क्षतिग्रस्त मारुति कंपनी की कार का नंबर सीजी 04 पीवाई 6021 है। यह कार सिर्री गांव के रहने वाले प्रशांत बघेल के छोटे भाई हिमांशु बघेल के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार के मालिक हिमांशु पिछले पांच सालों से दिल्ली-नोएडा में सेल्फ ड्राइव कार कंपनी चला रहे हैं। इस कंपनी के माध्यम से वे ग्राहकों को किराये पर वाहन उपलब्ध कराते हैं। घटना के वक्त यह कार उत्तराखंड के एक परिवार को किराये पर दी गई थी, जो दिल्ली के चांदनी चौक में शादी की खरीदारी के लिए गया हुआ था। इसी दौरान धमाका हुआ, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कार में सवार चार लोगों में से एक व्यक्ति को हल्की चोटें आईं, बाकी तीन लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। हादसे के बाद हिमांशु के साथ काम करने वाले दुर्ग निवासी जयंत झमानी हाल ही में दिल्ली से लौटकर सिर्री गांव पहुंचे और हिमांशु के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि सभी लोग सुरक्षित हैं। कार को केवल मामूली नुकसान पहुंचा है, जिसमें शीशा टूटने की बात सामने आई है।
बता दें कि सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी हरियाणा में रजिस्टर्ड हुंडई आई20 कार में विस्फोट हो गया, जिसमें लगभग 10 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए। इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
लोकेश
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

