-आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान प्रोफेशनल सम्मेलन का हुआ आयोजन
मिल्कीपुर-अयोध्या 12 नवंबर (आरएनएस ) मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के इनायतनगर बाजार में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान प्रोफेशनल सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस सम्मेलन के मुख्य अतिथि डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, जिला प्रभारी अयोध्या रहे, जबकि वशिष्ठ अतिथि के रूप में मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी ने कहा कि हम सभी को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे। हमें स्वदेशी वस्तुओं का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए और विदेशी उत्पादों पर निर्भरता खत्म करनी होगी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ केवल आर्थिक स्वतंत्रता नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक स्वावलंबन भी है। डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का सपना था कि भारत की आर्थिक व्यवस्था स्वदेशी पर आधारित हो। उन्होंने कहा कि जिस खादी आश्रम को पहले कोई नहीं जानता था, आज वहीं के उत्पादों की बिक्री में पिछले पांच वर्षों में 31 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह इस बात का प्रमाण है कि देशवासी अब स्वदेशी उत्पादों की ओर लौट रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि जब पूरी दुनिया कोरोना महामारी से जूझ रही थी, तब भारत न केवल आत्मनिर्भर बना बल्कि अन्य देशों को पीपीई किट और दवाइयाँ भेजकर वैश्विक स्तर पर उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ रहा है और लक्ष्य है कि सन 2047 तक भारत पूर्णत: आत्मनिर्भर राष्ट्र बने। डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि आजाद भारत के इतिहास में पहली बार सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित पदयात्रा निकाली जा रही है, जिसका उद्देश्य लोगों में एकता और स्वदेशी चेतना का प्रसार करना है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और लोगों को जागरूक करने का संकल्प लें। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने हाथ उठाकर शपथ ली कि वे केवल स्वदेशी वस्तुओं का ही उपयोग करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अयोध्या संजीव सिंह, महामंत्री राधेश्याम त्यागी, मंडल अध्यक्ष श्याम नारायण पाठक, राम सजीवन मिश्रा, बब्बन शुक्ला और संतोष सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अरुण गुप्ता ने किया। सम्मेलन का समापन आत्मनिर्भर भारत ही सशक्त भारत के नारे के साथ हुआ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

