० ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिला मंच, पारंपरिक और आधुनिक खेलों में खिलाडिय़ों ने दिखाया दमखम
० विजेता खिलाड़ी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
सुकमा, 12 नवम्बर (आरएनएस)। बस्तर ओलंपिक 2025 की धूम सुकमा जिले में अपने चरम पर है। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन तथा जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में बुधवार को जिले के विभिन्न खेल मैदानों में आयोजित विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य और उत्साहपूर्ण समापन हुआ। हड़मा स्टेडियम सुकमा, आत्मानंद स्कूल मैदान छिंदगढ़ और स्वामी आत्मानंद मैदान कोंटा में ग्रामीण अंचलों से आए हजारों खिलाडिय़ों ने अपनी खेल प्रतिभा का जबरदस्त प्रदर्शन किया, जिससे मैदानों में जोश और दर्शकों में उमंग का माहौल देखते ही बन रहा था। खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करने का प्रयास इस अवसर पर खिलाडिय़ों को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए एसडीएम सूरज कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक का आयोजन केवल एक प्रतिस्पर्धा नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को एक मंच देना और बस्तर की समृद्ध खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन इन प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पारंपरिक और आधुनिक खेलों का संगम जूनियर और सीनियर वर्ग में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में पारंपरिक और आधुनिक खेलों का अद्भुत संगम देखने को मिला। खिलाडिय़ों ने खो-खो, वॉलीबॉल, कबड्डी, रस्साकस्सी जैसे पारंपरिक खेलों के साथ-साथ लंबी कूद, ऊँची कूद, तवा फेंक, गोला फेंक, भाला फेंक और 100, 200 व 400 मीटर दौड़ तथा रिले रेस में भी अपना पूरा दमखम दिखाया। सेल्फी जोन बना आकर्षण का केंद्र हड़मा स्टेडियम और कोंटा में बने विशेष ‘सेल्फी जोनÓ खिलाडिय़ों और जनप्रतिनिधियों के बीच आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। सभी ने सेल्फी लेकर इन यादगार पलों को सहेजा और खिलाडिय़ों को बेहतर खेल के लिए प्रोत्साहित किया। विजेताओं का सम्मान, अगला लक्ष्य जिला स्तर खेलों के समापन पर, मुख्य अतिथियों द्वारा सभी विजेता खिलाडिय़ों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों की भारी उपस्थिति ने इस आयोजन को एक उत्सव का रूप दे दिया। विकासखंड स्तर पर विजयी रहे ये खिलाड़ी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे। यह आयोजन क्षेत्र में एकता, अनुशासन और खेल भावना का सशक्त संदेश देने में सफल रहा है। विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक प्रतियोगिता के अवसर पर महिला आयोग सदस्य दीपिका सोरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे, जिला पंचायत सदस्य गीता कवासी, जनपद अध्यक्ष कोंटा कुसमलता कवासी, नगर पालिका परिषद सुकमा अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम, उपाध्यक्ष भुवनेश्वरी यादव, जनपद उपाध्यक्ष सुकमा रीना पेद्दी, एसडीएम सुकमा सूरज कश्यप, एसडीएम कोंटा सुभाष शुक्ला, जनपद सीईओ सुकमा निधि प्रधान, जनपद पंचायत सीईओ कोंटा सुमीत कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी पी. श्रीनिवास राव सहित अन्य जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

