साउथ सुपरस्टार थलपति विजय के बेटे जेसन संजय तमिल फिल्म इंडस्ट्री में बतौर निर्देशक डेब्यू कर रहे हैं। उनकी पहली फिल्म के टाइटल की घोषणा हो गई है। फिल्म के शीर्षक के साथ अभिनेता संदीप किशन का पहला लुक भी जारी कर दिया गया है।
लाइका प्रोडक्शन हाउस के तहत निर्माण हो रही जेसन संजय द्वारा निर्देशित डेब्यू फिल्म का शीर्षक सिग्मा है। इस फिल्म में संदीप किशन मुख्य भूमिका में हैं। अभिनेता का पहला लुक भी सामने आ गया है। पोस्टर में एक्टर संदीप को सोने की ईंटों और पैसों के ढेर पर बैठे हुए दिखाया गया है। साथ ही वह अपने हाथ पर लगे घाव पर पट्टी बांधते दिख रहे हैं।
अभिनेता संदीप किशन ने अपने एक्स अकाउंट पर इस टाइटल अनाउंसमेंट पोस्टर को साझा किया है। एक्टर ने शीर्षक के अर्थ को समझाया है। उन्होंने ट्वीट किया, जेसन संजय के निर्देशन की पहली फिल्म सिग्मा। आप सभी के प्यार और आशीर्वाद की जरूरत है। जब आप खुद पर कभी हार नहीं मानते, खासकर इस अन्यायपूर्ण दुनिया में, तो आप एक सिग्मा हैं। जेसन संजय आपको शानदार अनुभव देंगे।
फिल्म सिग्मा को लाइका प्रोडक्शंस का समर्थन प्राप्त है। यह एक्शन-एडवेंचर-कॉमेडी फिल्म है, जो छिपे हुए खजाने का पता लगाने का काम करेगी। फिल्म में संदीप किशन के अलावा फारिया अब्दुल्ला, राजू सुंदरम, अंबू थासन, योग जपी, संपत राज, किरण कोंडा और मगालक्ष्मी सुधारसनन मुख्य भूमिकाओं में हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

