जशपुर, 12 जुलाई (आरएनएस)। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बनकर उभर रही है। योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और अब अपने छोटे-छोटे खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं हैं। इसके साथ ही वे परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
योजना की 29वीं किस्त जारी होने के बाद जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र की महिलाओं ने इस पहल से हुए सकारात्मक बदलाव साझा किए। महिलाओं ने बताया कि प्रत्येक माह 10 से 12 तारीख के बीच उनके खातों में राशि जमा हो जाती है, जिससे घरेलू जरूरतों और व्यक्तिगत खर्चों को पूरा करने में काफी सुविधा मिलती है।
ज्योति पांडेय ने बताया कि पहले छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए उन्हें परिवार के अन्य सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि से वे अपने दैनिक खर्च स्वयं वहन कर रही हैं।
रेहाना खातून ने बताया कि पहले वे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक सहायता के बल पर उन्होंने छोटा घरेलू व्यवसाय शुरू किया। आज वे स्वयं आय अर्जित कर रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में योगदान दे रही हैं।
कविता शर्मा ने कहा कि योजना से मिलने वाली राशि उनके लिए बड़ी राहत है। इससे वे अपनी आवश्यक जरूरतों को आसानी से पूरा कर लेती हैं और आर्थिक रूप से पहले से अधिक आत्मविश्वास महसूस करती हैं।
अंजू शर्मा ने बताया कि अब उन्हें अपने छोटे-छोटे खर्चों के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। इस योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।
योजना से लाभान्वित सभी महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उनका कहना है कि राज्य सरकार की इस पहल से महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है, जिससे वे सम्मानपूर्वक आत्मनिर्भर जीवन जी रही हैं। महिलाओं के अनुसार, यह योजना उनके सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम साबित हो रही है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

