कुशीनगर, 13 नवम्बर (आरएनएस)। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में शादी काटने को लेकर एक युवक के ऊपर कुछ लोगों द्वारा धारदार हथियार से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर तीन लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच में जुट गई है।
एसपी मीडिया सेल से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जनपद के कप्तानगंज थाने के मंसूरगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर में एक युवक के ऊपर कुछ युवकों द्वारा धारदार हथियार से हमला करने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर स्थानीय पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच किया गया तो ज्ञात हुआ कि राहुल उर्फ काजू पुत्र खुशहाल उम्र करीब 28 वर्ष निवासी लक्ष्मीपुर थाना कप्तानगंज का अपने ही गांव के सुमंत पुत्र शुभकरन व तीन अन्य से राहुल की शादी काटने को लेकर वाद-विवाद हुआ। जिसके क्रम में सुमंत पुत्र शुभकरन आदि द्वारा राहुल के ऊपर धारदार हथियार से हमला किया गया। जिससे राहुल घायल हो गया। परिजनों द्वारा राहुल को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया। जहां आज 13 नवम्बर को सुबह ईलाज के दौरान राहुल की मृत्यु हो गयी। पुलिस द्वारा नियमानुसार शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा करा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रकरण में प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकामी थाने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछ-ताछ में जुट गई है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कसया कुंदन सिंह ने बताया कि प्रकरण में सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर अग्रेतर विधिक कार्यवाही की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

