कुशीनगर, 13 नवम्बर (आरएनएस)। जनपद के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बहिराबारी गांव में गुरुवार की सुबह 10 बजे जमीनी विवाद को लेकर हुए मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल कायम है।
जानकारी के अनुसार उक्त विवाद के दौरान विपक्षियों ने युवक के सीने में चाकू मार दिया। जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तमकुहीराज ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बहिराबारी गांव निवासी राजकिशोर पुत्र राजकोकिल (19 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक के परिवार का लंबे समय से गांव के हीं कुछ लोगों से ज़मीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार की शाम दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि विपक्षियों ने राजकिशोर पर हमला कर दिया। आरोप है कि एक युवक ने राजकिशोर के सीने में चाकू घोंप दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते हीं सीओ तमकुहीराज राकेश प्रताप सिंह और तमकुही राज पुलिस चौकी प्रभारी महेश मिश्र तत्काल सीएचसी पहुंचे और घटना की जानकारी लिया। प्राथमिक जानकारी एकत्र करने के बाद सीओ राकेश प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। वहीं मृतक तीन भाई व बहन में सबसे बड़ा था। परिवार के कमाऊ बेटे की असामयिक मौत से पूरे घर में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीनी विवाद को लेकर पहले भी दोनों पक्षों में तनाव था, लेकिन पुलिस या प्रशासन के स्तर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जिसका परिणाम यह दर्दनाक घटना बन गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

