दुर्ग, 09 मई (आरएनएस)। सोशल मीडिया पर वायरल होने की सनक दो युवकों को सीधे पुलिस कार्रवाई तक ले आई, रायपुर-दुर्ग मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और खतरनाक स्टंट करते हुए इंस्टाग्राम रील बना रहे बाइक सवारों का वीडियो जैसे ही वायरल हुआ, छावनी पुलिस हरकत में आ गई और कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
मामला भिलाई के पावर हाउस बस स्टैंड के पास का है जहां व्यस्त सड़क पर मोटर सायकल और बुलेट वाहन से खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर रील बनाई जा रही थी। वीडियो व्हाट्सएप के जरिए थाना छावनी पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और वीडियो के आधार पर दोनों युवकों की पहचान आकाश पाण्डेय और रितेश साहू के रूप में की गई, जो प्रगति नगर नेहरू चौक कैम्प-01 भिलाई के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों युवक सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने और लाइक्स बटोरने के लिए मुख्य सड़क पर स्टंट कर रहे थे। पुलिस ने इसे आम लोगों और अन्य वाहन चालकों की जान के लिए गंभीर खतरा माना। मामले में आरोपी आकाश पाण्डेय के खिलाफ अपराध क्रमांक 307/2026 और रितेश साहू के खिलाफ अपराध क्रमांक 308/2026 दर्ज किया गया। दोनों पर धारा 281 बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मोटर सायकल और बुलेट वाहन भी जप्त कर लिए हैं। छावनी थाना पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों पर रील और स्टंट के नाम पर कानून तोडऩे वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। दुर्ग पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि कुछ सेकंड की वायरल रील के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी खतरे में न डालें क्योंकि सड़क स्टूडियो नहीं, जिम्मेदारी की जगह है।
०


