जांजगीर-चांपा, 09 मई (आरएनएस)। पामगढ़ थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की गई है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है, जिसे किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देहान पारा नंदेली निवासी भैयाराम यादव ने थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-11-ए यू 9399 घर के अंदर खड़ी थी। रात में अज्ञात चोर घर की छत के रास्ते अंदर घुसे और दरवाजे की बेड़ी खोलकर बाइक चोरी कर ले गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना के आधार पर पामगढ़ शराब भ_ी के पास पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने 8 मई की रात शराब पीने के बाद मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों में अंशु पटेल उर्फ चिट्टी निवासी व्यासनगर पामगढ़, कुलदीप भानू निवासी नंदेली और पंकज कश्यप निवासी व्यासनगर थाना पामगढ़ शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ धारा 331(2), 305(क), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी, एसआई कृष्ण कुमार साहू, एएसआई संतोष बंजारे और प्रधान आरक्षक राजेश कुमार कोसले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०


