० कृषि विभाग की छापेमार कार्रवाई में 17 टन अवैध उर्वरक जब्त, पूरा स्टॉक सील
जशपुरनगर, 29 मई (आएएनएस)। किसानों को डीएपी खाद के नाम पर नकली उर्वरक बेचने के मामले में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध उर्वरक जब्त किया है। फरसाबहार क्षेत्र के ग्राम खारीबहार स्थित एक मकान में छापेमारी कर 342 बोरी यानी करीब 17.1 टन भूमि शक्ति ऑर्गेनिक ग्रेन्युलर उर्वरक बरामद किया गया, जिसे कथित तौर पर डीएपी खाद बताकर किसानों को बेचा जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर रोहित व्यास और उप संचालक कृषि एमआर भगत के निर्देश पर पत्थलगांव एवं फरसाबहार की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि जब्त उर्वरक को असली डीएपी खाद के रूप में किसानों के बीच खपाया जा रहा था, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम पत्थलगांव राकेश पैंकरा मौके पर पहुंचे और संपूर्ण उर्वरक भंडारण को सील कर दिया। कृषि विभाग ने जब्ती प्रकरण तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए उप संचालक कृषि कार्यालय जशपुर को भेज दिया है।
किसानों से सतर्क रहने की अपील
उप संचालक कृषि ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद एवं उर्वरक खरीदें और खरीदारी के समय पक्की रसीद अवश्य लें। विभाग ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध उर्वरक बिक्री या कालाबाजारी की सूचना तुरंत कृषि विभाग को दें।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी नन्दे भगत, उर्वरक निरीक्षक देवकांत अजगल्ले, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी किशन कुशवाहा एवं मुकेश सिंह की अहम भूमिका रही।
०


