कांकेर, 14 जून (आरएनएस)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे उजियारा अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर आबकारी रेड कर 66 लीटर अवैध महुआ शराब, बिक्री की रकम और शराब निर्माण सामग्री जब्त की है। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कांकेर मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम माकड़ीखुना एवं ग्राम सिंगारभाट डूमरपारा में अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण और विक्रय किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना कांकेर से दो अलग-अलग टीमों का गठन कर संबंधित स्थानों पर दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान ग्राम माकड़ीखुना निवासी मुन्नी कावड़े (46 वर्ष) के कब्जे से 60 लीटर देशी महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 6 हजार रुपये है, तथा शराब निर्माण में उपयोग की जाने वाली सामग्री बरामद की गई। वहीं ग्राम सिंगारभाट डूमरपारा निवासी अमर सिंह कुंजाम के पास से 6 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत 600 रुपये तथा बिक्री की 100 रुपये नकद राशि जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 66 लीटर महुआ शराब, 100 रुपये बिक्री रकम और शराब निर्माण सामग्री सहित कुल 6,700 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 194/2026 एवं 195/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में सउनि मनोरथ जोशी, सउनि सोमेन्द्र सिंह, भुनेश्वरी भगत, प्रधान आरक्षक कौशल साहू, महिला प्रधान आरक्षक हितेश्वरी चेलक, आरक्षक ईश्वर साहू, रोशन राठौर, रामप्रसाद साहू, शैलेन्द्र चतुर्वेदी, चन्द्रशेखर वट्टी, अनिल मरकाम एवं महिला आरक्षक मनोरमा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना अपराध हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
०लाने के नाम पर 6.50 लाख की ठगी, आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार


