नगरी, 14 जून (आरएनएस)। वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए इंदु फ्यूचर विंग्स फाउंडेशन ने नगर पंचायत नगरी के यादव भवन में हमर ठीहा – सियान गुड़ी डे-केयर सेंटर का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
फाउंडेशन द्वारा शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य उन वरिष्ठ नागरिकों को एक सुरक्षित और आत्मीय वातावरण उपलब्ध कराना है, जो बदलती सामाजिक परिस्थितियों, एकल परिवार व्यवस्था और युवाओं के रोजगार के लिए पलायन के कारण अकेलेपन का सामना कर रहे हैं। संस्था का मानना है कि वरिष्ठजनों के अनुभव, ज्ञान और संस्कार समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
फाउंडेशन के अनुसार हमर ठीहा – सियान गुड़ी में वरिष्ठ नागरिकों को दिनभर समय बिताने के लिए योग, मनोरंजक खेल, टेलीविजन, समाचार पत्र, सामूहिक चर्चा, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और अन्य मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वर्तमान में नगर के 17 वरिष्ठ नागरिकों का पंजीयन किया गया है, जो नियमित रूप से यहां आकर सामाजिक गतिविधियों में भाग लेंगे।
इंदु फ्यूचर विंग्स फाउंडेशन पिछले 16 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में स्टडी क्लब के माध्यम से कार्य कर रही है। संस्था पिछले चार वर्षों से सीजीपीएससी, व्यापम और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करवा रही है। साथ ही अंत्योदय एवं बीपीएल परिवारों के विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक सहायता और शुल्क रियायत जैसी सामाजिक गतिविधियां भी संचालित कर रही है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने संस्था के संस्थापक इंदु पटेल सहित पूरी फाउंडेशन टीम को इस जनहितकारी पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमर ठीहा – सियान गुड़ी वरिष्ठ नागरिकों के लिए सम्मान, सुरक्षा और आत्मीयता का केंद्र बनेगा तथा समाज में बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देगा।
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों का शॉल, साड़ी, वस्त्र और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन से जुड़े डायमंड साहू, अजय कुमार ध्रुव, चेतन भट्ट, ममता मौर्य तथा कंपटीशन एकेडमी के सदस्य भी मौजूद रहे।
यह पहल न केवल वरिष्ठ नागरिकों के अकेलेपन को दूर करने का माध्यम बनेगी, बल्कि उनके अनुभवों, संस्कारों और जीवन मूल्यों को समाज और नई पीढ़ी से जोडऩे का एक सशक्त मंच भी साबित होगी।
०






