कवर्धा, 14 जून (आरएनएस)। जिले में नशे के सेवन और अवैध नशा कारोबार के खिलाफ कबीरधाम पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शहर के देवार पारा क्षेत्र में पुलिस ने विशेष जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और अवैध कारोबार से दूर रहने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीपीओ) आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण और थाना कोतवाली प्रभारी योगेश कश्यप के नेतृत्व में देवार पारा के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता फ्लेक्स लगाए गए।
अभियान के दौरान रहवासियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे नशे के अवैध कारोबार से दूर रहें और समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें।
एसडीपीओ आशीष शुक्ला ने बताया कि कबीरधाम पुलिस जिले में नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि यदि किसी क्षेत्र में गांजा, शराब या अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री अथवा सेवन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर देवार पारा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से रखे गए गांजा और शराब की बड़ी मात्रा जब्त की गई थी। इसके बाद से क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कबीरधाम पुलिस का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल कानूनी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता बढ़ाकर युवाओं को नशे की लत से बचाना और सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण करना भी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिलेभर में ऐसे जनजागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
०


