राजनांदगांव, 15 जून (आरएनएस)। थाना सोमनी पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने की कार्रवाई के तहत पुलिस में शिकायत करने की बात को लेकर विवाद कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर के पर्यवेक्षण में थाना सोमनी क्षेत्र में नशे और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पटेल के नेतृत्व में ग्राम अंजोरा और ककरेल में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, शिकायत को लेकर आपस में विवाद और अशांति की स्थिति उत्पन्न करने पर मो. सलाउद्दीन (41 वर्ष), अहसान अली (39 वर्ष) निवासी कोपेडीह, कल्याणी इस्पात थाना सोमनी तथा करण रात्रे (25 वर्ष) निवासी ग्राम ककरेल को गिरफ्तार किया गया।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।
०








