गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 15 जून (आरएनएस)। डॉयल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन सेवा ने एक बार फिर अपनी तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में डॉयल-112 वाहन में ही एक प्रसूता का सुरक्षित प्रसव कराया गया, जहां उसने एक स्वस्थ बालक को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गांगपुर निवासी मानसिंह ने डॉयल-112 पर कॉल कर प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला के लिए तत्काल सहायता मांगी थी। सूचना मिलते ही दोपहर 1:37 बजे गौरेला फाल्कन-2 (खोडरी) की टीम मौके के लिए रवाना हुई। आरक्षक राजाराम बसंत और चालक संतोष राठौर ग्राम गांगपुर पहुंचे तथा प्रसूता सरस्वती मरपच्ची (22 वर्ष) को उनके परिजनों और मितानिन के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरेला ले जाने लगे।
रास्ते में ग्राम गिरवर के पास प्रसूता की पीड़ा अचानक बढ़ गई और तत्काल प्रसव की स्थिति बन गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉयल-112 टीम ने वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोका और गोपनीयता एवं सम्मान का ध्यान रखते हुए पर्दे की व्यवस्था की। महिला परिजनों और मितानिन के सहयोग से वाहन में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया।
कुछ ही देर में सरस्वती मरपच्ची ने एक स्वस्थ बालक को जन्म दिया। इसके बाद डॉयल-112 टीम ने जच्चा और नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरेला पहुंचाकर भर्ती कराया, जहां दोनों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार जारी है।
ग्रामीणों ने डॉयल-112 टीम की त्वरित और संवेदनशील कार्यवाही की सराहना करते हुए इसे जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। यह घटना डॉयल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन सेवा की तत्परता, संवेदनशीलता और आमजन के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
०


