रायगढ़,17 जून (आरएनएस)। जिले में नकली शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। ग्राम धनागर में संचालित नकली शराब फैक्ट्री के भंडाफोड़ के बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मंगलवार को उसके निवास पर दबिश दी और मकान पर नोटिस चस्पा कर तीन दिनों के भीतर थाना में उपस्थित होने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा तथा डीएसपी सुशांतो बनर्जी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान विकास नगर गली नंबर-3 स्थित उसके निवास पहुंचकर वैधानिक
नोटिस चस्पा किया गया।गौरतलब है कि 8 जून 2026 की रात रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने थाना कोतरारोड़ क्षेत्र के ग्राम धनागर में संचालित नकली शराब के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। कार्रवाई के दौरान करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, नकली लेबल, फर्जी होलोग्राम, ढक्कन तथा शराब निर्माण में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई थी।मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल ने पूछताछ में खुलासा किया था कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से नकली शराब का कारोबार संचालित कर रहा था। पुलिस ने बाद में फरार आरोपी सुभाष पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया था।जांच में सामने आया कि गिरोह शराब में स्प्रिट मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाता था तथा रंग फीका पडऩे पर चायपत्ती का रंग मिलाकर उसे असली शराब जैसा स्वरूप देता था। इसके बाद नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल लगाकर शराब को विभिन्न क्षेत्रों में बेचने के लिए भेजा जाता था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम डेगची और बड़ी संख्या में खाली बोतलें भी बरामद की थीं।फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर, पिता गजराज सिंह, निवासी विकास नगर गली नंबर-3, रायगढ़ की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो मकान बंद मिला। आसपास के लोगों ने भी बताया कि आरोपी और उसके परिजन कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार मकान के प्रवेश द्वार पर नोटिस चस्पा कर तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने का निर्देश दिया।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना कोतरारोड़ पुलिस को आरोपी की चल-अचल संपत्तियों का विस्तृत ब्यौरा तैयार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस द्वारा तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की तलाश जारी है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील कुमार आदित्य, निरीक्षक अमित तिवारी सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नकली शराब का कारोबार केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर अपराध है। ऐसे कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी वैधानिक उपायों के माध्यम से आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
०००


