कांकेर, 20 जून (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में चलाए जा रहे उजियारा अभियान के तहत थाना नरहरपुर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 16.260 बल्क लीटर अंग्रेजी एवं देशी महुआ शराब तथा एक स्कूटी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम गश्त एवं पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंची।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गरभू राम जैन (56 वर्ष), निवासी देवगांव, थाना नरहरपुर के कब्जे से 12 लीटर अवैध देशी महुआ शराब बरामद की। वहीं अजय कुमार उसेंडी (32 वर्ष), निवासी गीतपहर मंडलपारा, चौकी हल्बा, थाना नरहरपुर के कब्जे से 4.260 लीटर बीयर एवं देशी प्लेन शराब जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। जब्त सामग्री में कुल 16.260 बल्क लीटर शराब के अलावा एक जुपिटर 125 स्कूटी (क्रमांक CG 19 BP 7573) भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अजय कुमार उसेंडी के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम एवं अन्य धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2020, 2023 और 2026 में विभिन्न अपराधों में कार्रवाई हो चुकी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक सवलु नेताम, मनराखन मरकाम, आरक्षक नीलेश साहू, धर्मेंद्र साहू तथा महिला आरक्षक रानी मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
०


