जांजगीर-चांपा, 21 जून (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस और लोक निर्माण विभाग ने संयुक्त पहल करते हुए मुलमुला थाना क्षेत्र के दुर्घटना संभावित मार्गों पर व्यापक सड़क सुरक्षा कार्य पूरे कराए हैं। बनाहिल से त्रिमूर्ति चौक मुलमुला मार्ग तक स्पीड ब्रेकर, डेलिनेटर, हैजार्ड मार्कर और साइन बोर्ड लगाए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यह कार्यवाही की गई। इससे पहले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात, एसडीएम अकलतरा सुमित बघेल, एसडीओ पीडब्ल्यूडी लव कुमार जायसवाल तथा थाना प्रभारी मुलमुला पारस पटेल ने संयुक्त रूप से बनाहिल से त्रिमूर्ति चौक मार्ग का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान सड़क की कमियों को चिन्हित कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए थे।
सुधार कार्य के तहत दुर्घटना संभावित स्थानों पर कुल छह जगहों पर सात मीटर लंबे स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। इनमें बनाहिल में दो, नरियारा में तीन और मुलमुला में एक स्थान शामिल है।
इसके अलावा, अंधे मोड़ों और जोखिम वाले क्षेत्रों में वाहन चालकों को सुरक्षित मार्गदर्शन देने के लिए 70 डेलिनेटर लगाए गए हैं। पुलों और संवेदनशील स्थानों पर आठ हैजार्ड मार्कर स्थापित किए गए हैं, जिससे रात और खराब मौसम में वाहन चालकों को बेहतर दृश्य संकेत मिल सकें। वहीं नरियारा क्षेत्र में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आठ चेतावनी एवं दिशा-निर्देश संबंधी साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को अधिक सुरक्षित बनाना है। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
०





