अंबिकापुर/दरिमा, 21 जून (आरएनएस)। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में घर के पास छड़ काटने के विवाद में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का हरीशा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी गुलशन दास (25 वर्ष) निवासी ग्राम नवगई ने थाना दरिमा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई मौसम दास पिछले तीन-चार वर्षों से अपनी शादी के बाद ग्राम पम्पापुर खुटनपारा में घर जमाई के रूप में रह रहा था।
20 जून 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे प्रार्थी को सूचना मिली कि पड़ोसी लिलाम सिंह ने घर के पास छड़ काटने की बात को लेकर नाराज होकर मौसम दास के सिर के पीछे लकड़ी के हरीशा से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मौसम दास को उपचार के लिए अंबिकापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना दरिमा में अपराध क्रमांक 146/26 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर थाना दरिमा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी लिलाम सिंह (31 वर्ष) निवासी ग्राम पम्पापुर खुटनपारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का हरीशा भी बरामद कर लिया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश खलखो, उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह, आरक्षक टिकेश्वर सिंह, बन्दे केरकेट्टा, जितेंद्र लकड़ा, तीर्थराज सिंह एवं प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०




