रायगढ़,29 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल अंतर्गत हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार देर रात हाथियों के एक दल ने कई गांवों में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने पांच मकानों और एक झोपड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया, वहीं आम की फसल और घरों में रखा अनाज भी बर्बाद कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, लेलूंगा और कापु क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। रविवार रात हाथियों ने कई घरों में घुसकर तोडफ़ोड़ की। इसके अलावा एक बगीचे की बाउंड्री तोड़कर आम की फसल को नुकसान पहुंचाया और घरों में रखे चावल के बोरे फाड़कर अनाज खा गए।
घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग रातभर जागकर अपने घरों और फसलों की निगरानी करने को मजबूर हैं ताकि हाथियों से जान-माल की सुरक्षा की जा सके।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लेना शुरू किया। छत्तीसगढ़ वन विभाग ने एहतियात के तौर पर आसपास के करीब एक दर्जन गांवों में अलर्ट जारी किया है। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों के दल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
००००


