आईजी राम गोपाल गर्ग ने श्रीफल, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ देकर किया सम्मानित, विशेष वाहन से घर तक किया विदा
बिलासपुर 30 जून (आरएनएस) पुलिस की वर्दी सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखने का प्रतीक नहीं होती, बल्कि अनुशासन, समर्पण और ईमानदारी का भी परिचय देती है। इसी भावना को जीवंत करते हुए मंगलवार को बिलासपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में उप निरीक्षक रामकुमार पटेल (रीडर) और प्रधान आरक्षक विरेन्द्र कुमार शास्त्री के सेवानिवृत्त होने पर गरिमामय एवं भावुक विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राम गोपाल गर्ग सहित कार्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों की दशकों लंबी सेवाओं को सम्मानपूर्वक याद किया।
आईजी राम गोपाल गर्ग ने दोनों अधिकारियों को श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने पूरे सेवाकाल में अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने विशेष रूप से उप निरीक्षक रामकुमार पटेल के बेदाग सेवाकाल और 300 से अधिक पुरस्कारों का उल्लेख करते हुए इसे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायी बताया।
42 वर्षों की बेदाग सेवा, 300 से अधिक पुरस्कार
उप निरीक्षक रामकुमार पटेल ने मार्च 1984 में जिला बिलासपुर में आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा शुरू की थी। वर्ष 1997 में प्रधान आरक्षक, 2009 में सहायक उप निरीक्षक और 2020 में उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए। उन्होंने जांजगीर, कवर्धा और कोरबा सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं दीं तथा वर्ष 2023 से आईजी कार्यालय में रीडर के रूप में पदस्थ थे। उल्लेखनीय बात यह रही कि पूरे सेवाकाल में उन्हें 300 से अधिक पुरस्कार मिले, जबकि उनके विरुद्ध कभी कोई विभागीय सजा दर्ज नहीं हुई।
चालक से प्रधान आरक्षक तक का अनुशासित सफर
प्रधान आरक्षक विरेन्द्र कुमार शास्त्री ने 3 फरवरी 1994 को चालक के रूप में पुलिस सेवा प्रारंभ की थी। वर्ष 2016 में उन्हें प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नत किया गया। उन्होंने मुंगेली एवं गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिलों में अपनी सेवाएं दीं और वर्ष 2021 से पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे थे।

सहकर्मियों ने साझा किए अनुभव
समारोह में उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा, निरीक्षक (स्टेनो) अशोक वैष्णव, निरीक्षक सरिता तिवारी तथा प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश मिश्रा ने दोनों अधिकारियों के साथ बिताए अनुभव साझा किए। सभी वक्ताओं ने उनके अनुशासन, सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
सम्मान से भावुक हुए दोनों अधिकारी
सेवानिवृत्त उप निरीक्षक रामकुमार पटेल और प्रधान आरक्षक विरेन्द्र कुमार शास्त्री ने सम्मान के लिए आईजी राम गोपाल गर्ग और समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि विभाग ने उन्हें हमेशा परिवार जैसा स्नेह दिया और भविष्य में भी यदि पुलिस विभाग को उनकी आवश्यकता होगी तो वे हर संभव सहयोग के लिए तैयार रहेंगे।
समारोह के अंत में आईजी राम गोपाल गर्ग ने दोनों अधिकारियों को विशेष वाहन से उनके घर के लिए रवाना किया और स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस भावुक पल में कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी भावुक नजर आए। कार्यक्रम का संचालन मुख्य लिपिक संजय रावत ने किया।




