मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 1 जुलाई (आरएनएस) पुलिस विभाग में लगभग 28 वर्षों तक निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) रूपेन्द्र दुबे को सेवानिवृत्ति पर जिला पुलिस परिवार ने ससम्मान भावभीनी विदाई दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई. पी. सिंह (आईपीएस) सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके योगदान का सम्मान किया तथा स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
रूपेन्द्र दुबे का जन्म 15 जून 1964 को हुआ था। उन्होंने 1 जनवरी 1998 को छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग में आरक्षक के पद से अपनी सेवा यात्रा शुरू की। कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली के दम पर उन्होंने विभाग में अपनी अलग पहचान बनाई। अधिवार्षिकी आयु पूर्ण करने के बाद 30 जून 2026 को वे पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए।
इस अवसर पर आयोजित विदाई समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई. पी. सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीतांबर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल, उप पुलिस अधीक्षक नेहा पवार सहित पुलिस कार्यालय के समस्त शाखा प्रभारी एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान अधिकारियों ने श्री दुबे की कर्तव्यपरायणता, ईमानदारी और अनुशासित कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव और सेवा भाव विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके सुखद, स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना की,करीब तीन दशक तक पुलिस सेवा में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने वाले एएसआई रूपेन्द्र दुबे की सम्मानजनक विदाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि पुलिस विभाग अपने कर्मठ और समर्पित अधिकारियों के योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद रखता है।




